रायपुर। छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें एक बार फिर तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिल्ली दौरे को भी इसी संदर्भ में देखा जा रहा है। मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द किया जाएगा, जिससे सियासी हलकों में हलचल बढ़ गई है।
मुख्यमंत्री साय सोमवार को दिल्ली के लिए रवाना हुए, जहां उनके शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करने और मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा करने की संभावना जताई जा रही है। इस दौरे के दौरान उनकी कई अहम बैठकों का कार्यक्रम भी तय है।
सूत्रों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में हरियाणा मॉडल पर मंत्रिमंडल विस्तार की योजना बनाई जा रही है, जिसमें तीन नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है। फिलहाल, राज्य सरकार में कुछ मंत्री पद रिक्त हैं, जिन पर जल्द नियुक्ति की संभावना जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे और मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा के बीच कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने कहा,
“बीजेपी की सरकार बने डेढ़ साल हो चुके हैं, लेकिन अब तक मंत्रिमंडल के रिक्त पद भरे नहीं गए हैं। मुख्यमंत्री बार-बार दिल्ली जाते हैं, लेकिन अभी तक नियुक्ति नहीं कर पाए हैं।”
धनेंद्र साहू ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार के मंत्रियों में गुटबाजी बढ़ रही है और कोरबा की घटना इसका बड़ा प्रमाण है। उन्होंने कहा कि पार्टी में आंतरिक कलह और अनुशासनहीनता चरम पर है, जिससे सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिल्ली दौरे के बाद मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर जल्द ही बड़ा ऐलान हो सकता है। बीजेपी हाईकमान से हरी झंडी मिलने के बाद इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। अब देखना होगा कि कौन-कौन से चेहरे मंत्री पद की शपथ लेंगे और सरकार में क्या नया समीकरण बनता है।
