कुरुद। ‘हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे’—यह पंक्ति इस बार कुरुद की नगर घड़ी पर पूरी तरह सटीक बैठती दिख रही है। आठ साल पहले भाजपा शासित नगर पंचायत द्वारा बनवाई गई यह घड़ी, कांग्रेस कार्यकाल में कई बार सुधार के बावजूद सही समय नहीं दिखा पाई। अब जब नगर में फिर से भाजपा की सत्ता आई है, तो इसकी मरम्मत की जिम्मेदारी भी उन्हीं के पास लौट आई है।
गौरतलब है कि कुरुद के बायपास मार्ग पर स्थित रेस्ट हाउस के पास नगर घड़ी चौक का निर्माण 2016-17 में भाजपा शासित नगर पंचायत परिषद ने करीब 12 लाख रुपये की लागत से करवाया था। इसमें चारों दिशाओं से दिखने वाली बड़ी घड़ियां लगाई गई थीं, जो वर्षों तक सही समय बताती रहीं। लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद नगर की अन्य शासकीय परिसंपत्तियों की तरह इसकी देखभाल पर भी ध्यान नहीं दिया गया, जिसके कारण घड़ी ने सही समय बताना बंद कर दिया।
पिछले कई दिनों से यह घड़ी चारों दिशाओं में अलग-अलग समय दिखाकर राहगीरों को भ्रमित कर रही है। स्थानीय लोगों ने भाजपा शासित नगर पंचायत से मांग की है कि इस घड़ी की मरम्मत कर इसे फिर से चालू किया जाए, जिससे नगर को सही समय और सही दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिले। अब देखना यह होगा कि भाजपा इस बार अपनी बनाई नगर घड़ी को कितनी जल्दी सुधार कर जनता को सही समय दिखाने में सफल होती है।
