रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में रविवार को महिला पत्रकारों के सम्मान में विशेष समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिला पत्रकारों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि “मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसमें नारीशक्ति की भागीदारी इसे और भी मजबूत बनाती है।”
इस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री साय ने अपने राजनीतिक सफर के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि किस तरह एक साधारण पंच के रूप में राजनीति में प्रवेश करने के बाद वे विभिन्न पदों पर रहते हुए मुख्यमंत्री तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह सफर चुनौतियों से भरा रहा, लेकिन जनता की सेवा के संकल्प ने उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और समर्थ बनाने के लिए सतत प्रयास कर रही है। “महिलाएं हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं, और सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि उन्हें समान अधिकार, सुरक्षा और अवसर प्राप्त हों।” उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह सतर्क है और इस दिशा में लगातार नए कदम उठाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान महिला पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से महिला सुरक्षा को लेकर चर्चा की और उनके लिए अलग से एक टूर प्लान करने की अपील की।वहीं, एक वरिष्ठ पत्रकार ने सरकार से वरिष्ठ पत्रकारों को मिलने वाली सम्मान निधि योजना के दायरे को बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बहुत कम पत्रकारों को ही इस योजना का लाभ मिल पाता है, जबकि इसका विस्तार होने से अन्य वरिष्ठ पत्रकारों को भी इसका लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक रुख दिखाया और आश्वासन दिया कि इस विषय पर विचार किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में प्रदेश के कई वरिष्ठ पत्रकार और सरकारी अधिकारी भी मौजूद रहे। समारोह के दौरान महिला पत्रकारों की उपलब्धियों को सराहा गया और मीडिया में उनकी बढ़ती भागीदारी पर जोर दिया गया।
