विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधायकों संग खेली होली, नगाड़े पर भी दिखाया हुनर

रायपुर। रंगों के त्योहार होली के अवसर पर विधानसभा परिसर में आज एक उत्साहपूर्ण और सौहार्द्रपूर्ण माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, मंत्रियों और विधायकों के साथ होली मनाई।

मुख्यमंत्री ने नगाड़े पर भी हाथ आजमाया और पारंपरिक धुनों पर विधायकों और मंत्रियों के साथ होली के रंग में सराबोर हो गए। पूरे परिसर में गुलाल और फूलों की होली खेली गई, जिससे वातावरण उमंग और उल्लास से भर गया।

मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “रंग, उमंग, हर्ष और उल्लास का यह त्योहार आप सभी के लिए मंगलमय हो। होली हमें एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संदेश देती है।”

इस अवसर पर मौजूद विधायकों और मंत्रियों ने भी एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और प्रदेश की उन्नति और खुशहाली की कामना की। विधानसभा परिसर में होली के इस विशेष आयोजन ने राजनीति से परे एक सौहार्द्रपूर्ण माहौल को जन्म दिया, जहां सभी दलों के नेता एक साथ रंगों के इस पर्व का आनंद उठाते नजर आए।

इस रंगारंग समारोह में पारंपरिक लोकगीतों और ढोल-नगाड़ों की गूंज ने समा बांध दिया। मुख्यमंत्री साय के साथ विधायकों ने नृत्य कर त्योहार की खुशियों को दोगुना कर दिया।

प्रदेशभर में होली का उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है, और सरकार की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे इस पर्व को सौहार्द्रपूर्वक और सुरक्षित तरीके से मनाएं।

Arpa News 36
Author: Arpa News 36