सीएम विष्णुदेव साय आज दिल्ली दौरे पर, मंत्रिमंडल विस्तार पर हो सकती है चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर की फ्लाइट से रवाना होकर शाम 4:40 बजे राष्ट्रीय राजधानी पहुंचेंगे, जहां उनकी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के शीर्ष नेतृत्व से महत्वपूर्ण मुलाकातें होंगी। इस दौरान उनकी भेंट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी होगी।

सूत्रों के मुताबिक, इस मुलाकात में मंत्रिमंडल विस्तार और निगम-मंडल में नियुक्तियों को लेकर गहन चर्चा हो सकती है। इसके साथ ही, जेपी नड्डा के आगामी छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी बातचीत संभव है।

मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज

नगरीय निकाय चुनाव से पहले मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा जोरों पर है। सूत्रों का कहना है कि दो विधायकों को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। संभावित नामों में रायपुर उत्तर से पहली बार विधायक बने पुरंदर मिश्रा और दुर्ग शहर के विधायक गजेंद्र यादव प्रमुख रूप से शामिल हैं।

इसके अलावा, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, अजय चंद्राकर और राजेश मूणत में से किसी एक को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है।

इस दौरे के साथ ही छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। बीजेपी की रणनीति आगामी निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए बन रही है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि मुख्यमंत्री साय की दिल्ली यात्रा से राज्य की राजनीति में क्या नया मोड़ आता है।

Arpa News 36
Author: Arpa News 36