होली पर अम्बेडकर अस्पताल में चौबीसों घंटे आपातकालीन सेवाएं, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रायपुर – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के दिशानिर्देश पर होली के मद्देनज़र अम्बेडकर अस्पताल में चिकित्सा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के विशेष इंतजाम किए गए हैं। अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं।

24 घंटे मिलेगी आपातकालीन चिकित्सा सुविधा

होली के दिन 14 मार्च को शासकीय अवकाश होने के कारण ओपीडी बंद रहेगी, लेकिन आपातकालीन सेवाएं पहले की तरह 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। किसी भी दुर्घटना या आपातकालीन चिकित्सा स्थिति को देखते हुए इमरजेंसी वार्ड को आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं और संसाधनों से लैस किया गया है। ट्रॉमा और इमरजेंसी यूनिट को सशक्त बनाने के साथ-साथ सभी डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को इमरजेंसी ड्यूटी के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तुरंत इलाज मिल सके।

अस्पताल की सुरक्षा होगी कड़ी

होली के दौरान अस्पताल परिसर में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। सुरक्षा गार्डों के साथ-साथ बंदूकधारी गार्ड भी तैनात रहेंगे। सिक्योरिटी सुपरवाइजर को विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा स्टाफ की चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, किसी भी आपात स्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया है।

डीकेएस अस्पताल तक एम्बुलेंस सेवा रहेगी सक्रिय

गंभीर मरीजों को त्वरित चिकित्सा सुविधा देने के लिए डीकेएस अस्पताल स्थित सुपर स्पेशियलिटी विभाग तक एम्बुलेंस सेवा 24 घंटे सक्रिय रहेगी। अस्पताल प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि होली का त्योहार सुरक्षित और सावधानीपूर्वक मनाएं। यदि कोई आपातकालीन चिकित्सा स्थिति उत्पन्न होती है, तो घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि अम्बेडकर अस्पताल की आपातकालीन सेवाएं हर समय उपलब्ध रहेंगी।

Arpa News 36
Author: Arpa News 36

यह भी देखें...