कुरूद में जनप्रतिनिधियों संग हर्षोल्लास से मनाया गया रंगों का महापर्व होली, नगर के जनप्रतिनिधियों संग रंगों की मस्ती

कुरूद। होली के इस शुभ अवसर पर नगर के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और विशेष वर्ग के लोगों के साथ आम जनता ने मिलकर पर्व की खुशियां साझा कीं। विधायक अजय चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर, नगर पंचायत कुरूद अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर, पूर्व जिला पंचायत सभापति तारिणी चंद्राकर, पार्षद रजत चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने निवास स्थान पर अंचल के नागरिकों के साथ होली खेली और पर्व की शुभकामनाएं दीं।

सभी जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों के साथ रंग-गुलाल उड़ाकर, मिठाइयों का आदान-प्रदान कर और नगाड़ों एवं डीजे की धुनों पर जमकर ठुमके लगाकर इस उत्सव को और भी उल्लासपूर्ण बना दिया। नगर में चारों ओर रंगों की छटा बिखरी रही और होली की मस्ती में सभी झूमते नजर आए।

शुक्रवार को नगर में रंगों का महापर्व होली बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। हर वर्ग के लोगों में इस पर्व को लेकर विशेष उमंग नजर आई। सुबह से ही नगरवासी इस रंगारंग उत्सव में डूब गए और चारों ओर रंगों की छटा बिखरने लगी। नगर के विभिन्न इलाकों में युवाओं ने गीत-संगीत की धुनों पर झूमते हुए होली का जश्न मनाया। पारंपरिक नगाड़ों की गूंज और फाग गीतों की मधुर ध्वनि ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया। छोटे बच्चों की चंचलता ने इस उत्सव की खुशियों को दोगुना कर दिया, जबकि नगरवासियों ने प्रेम और भाईचारे के रंग में रंगकर एकता का संदेश दिया।

इस तरह, पूरे नगर में दिनभर होली के उल्लास का माहौल बना रहा और रंगों की इस अनोखी छटा ने नगरवासियों के दिलों में यादगार खुशियां भर दीं।

Arpa News 36
Author: Arpa News 36