मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिलीं सुविख्यात कथावाचक देवी चित्रलेखा, समाज में नैतिक मूल्यों के प्रचार पर हुई चर्चा

रायपुर । सुविख्यात कथावाचक देवी चित्रलेखा ने आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री श्री साय ने देवी चित्रलेखा का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर आत्मीय सम्मान किया।

इस दौरान देवी चित्रलेखा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की और जनकल्याण के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने देवी चित्रलेखा के आध्यात्मिक एवं सामाजिक योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रेरक विचार और प्रवचन समाज को जागरूक करने के साथ नैतिक मूल्यों को भी सशक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि देवी चित्रलेखा का कार्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला है और उनके प्रयास जनमानस के लिए प्रेरणादायी हैं।

इस अवसर पर आध्यात्मिक चेतना के प्रसार, सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा और समाज में समरसता को प्रोत्साहित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। दोनों ने समाज में नैतिक मूल्यों को बनाए रखने और धार्मिक व सांस्कृतिक धरोहर को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करने पर सहमति व्यक्त की।

देवी चित्रलेखा की यह भेंट राज्य में आध्यात्मिक जागरूकता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Arpa News 36
Author: Arpa News 36