मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुनीता विलियम्स को ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन की सफलता पर दी बधाई

रायपुर । भारतीय मूल की प्रसिद्ध अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स के ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन की सफल समाप्ति और सुरक्षित पृथ्वी वापसी पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री श्री साय ने उनकी इस उपलब्धि को धैर्य, साहस और विज्ञान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की अद्भुत मिसाल बताया, जो पूरे विश्व के लिए प्रेरणादायी है।

“नभ के पार गई नारी ने रचा नया इतिहास” – मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संदेश में कहा, “नभ के पार गई नारी ने धैर्य को अपना हथियार बनाया और साहस, संकल्प एवं स्वाभिमान से नव इतिहास रच दिया। कठिनाइयों के बावजूद डटे रहना ही सफलता की असली पहचान है।”

सुनीता विलियम्स की इस यात्रा ने विज्ञान और अंतरिक्ष अन्वेषण के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि जोड़ी है, जो न केवल भारत बल्कि समूचे विश्व के लिए प्रेरणादायी है।

“नारी शक्ति के साहस और इच्छाशक्ति का प्रतीक है यह सफलता”

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुनीता विलियम्स की यह सफलता नारी शक्ति के अदम्य साहस और अटूट इच्छाशक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भारत की बेटियों और युवाओं को उनके सपनों को ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए प्रेरित करेगी।

अंतरिक्ष अनुसंधान में महिलाओं की भागीदारी को लेकर मुख्यमंत्री का संदेश

मुख्यमंत्री श्री साय ने अंतरिक्ष अन्वेषण और विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि भारत की नारी शक्ति हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही है। सुनीता विलियम्स का यह मिशन इस बात का प्रमाण है कि महिलाएँ किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।

मुख्यमंत्री ने भारतीय वैज्ञानिक समुदाय और इसरो (ISRO) के योगदान की भी सराहना करते हुए कहा कि भारत का नाम अंतरिक्ष जगत में स्वर्ण अक्षरों में अंकित हुआ है।

“सुनीता विलियम्स की उपलब्धि विज्ञान और अनुसंधान में नई ऊर्जा भरेगी”

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हम सभी को सुनीता विलियम्स पर गर्व है। उनकी यह यात्रा विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार करेगी और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने का कार्य करेगी।

सुनीता विलियम्स की यह ऐतिहासिक उपलब्धि अंतरिक्ष विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में एक नए युग का संकेत देती है और भारत की अगली पीढ़ी को अंतरिक्ष विज्ञान में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

Arpa News 36
Author: Arpa News 36

यह भी देखें...