मगरलोड। महाव्यापारी संघ मगरलोड-भैसमुंडी के चुनाव में युवा व्यापारी विश्वजीत साहू ने शानदार जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। 19 मार्च को कृषि उपज मंडी परिसर में हुए इस चुनाव में व्यापारियों ने पूरी तरह से अपने प्रतिष्ठान बंद कर मतदान में भाग लिया।
युवा जोश और नेतृत्व क्षमता के साथ चुनावी मैदान में उतरे विश्वजीत साहू ने कुल 82 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजू चंद्राकर (79 मत) और यादराम गायकवाड़ (77 मत) को मात दी। उनकी इस जीत से मगरलोड के युवा व्यापारियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। क्षेत्र में लंबे समय से एक युवा नेतृत्व की मांग उठ रही थी, जिसे इस चुनाव ने साकार कर दिया।
युवाओं में खुशी की लहर
विश्वजीत साहू के अध्यक्ष बनने पर क्षेत्र के युवा व्यापारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। युवा व्यापारियों का मानना है कि अब उनके हितों की रक्षा और संगठन को नई दिशा देने में विश्वजीत साहू की अहम भूमिका होगी। उनका कहना है कि विश्वजीत साहू के नेतृत्व में व्यापारिक समुदाय को नई ऊर्जा मिलेगी और युवा राजनीति में भी सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेगा।
अन्य पदों पर भी हुए चुनाव
इस चुनाव में उपाध्यक्ष पद के लिए देवेन्द्र साहू ने 166 मत प्राप्त कर विजयी हुए, जबकि जगमोहन साहू को 74 मत मिले। वहीं, सचिव पद पर सुकदेव साहू ने 131 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। कोषाध्यक्ष पद के लिए सत्येंद्र साहू को निर्विरोध चुना गया।
महाव्यापारी संघ के इस चुनाव ने न केवल व्यापारिक समुदाय को संगठित किया, बल्कि मगरलोड में युवा नेतृत्व के महत्व को भी स्थापित किया। विश्वजीत साहू की यह जीत व्यापारियों के साथ-साथ युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है, जो आने वाले समय में मगरलोड के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
