मेघा। क्षेत्र के ह्रदय स्थल कहे जाने वाले गौरव ग्राम मेघा में बुधवार को रंग पंचमी के अवसर पर व्यापारी संघ द्वारा एक भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन महानदी किनारे स्थित डोंगा घाट में संपन्न हुआ, जहां क्षेत्र के व्यापारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिकों ने एक साथ रंगों का त्योहार धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और व्यापारियों ने हिस्सा लिया। सभी ने रंग-बिरंगे गुलाल उड़ाकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान नगाड़ों की गूंज और फाग गीतों की मधुर धुन पर लोग झूमते नजर आए। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन और होली के लोकगीतों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।
जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों की रही विशेष उपस्थिति
होली मिलन समारोह में जनपद पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष वीरेंद्र साहू, उपाध्यक्ष खिलेश साहू, जनपद सदस्य रंजीत कश्यप, भाजपा मंडल मेघा महामंत्री संतोष सोनी, रामायण सिन्हा, व्यापारी संघ के अध्यक्ष डनेश्वर निषाद, उपाध्यक्ष इंद्रजीत दिगवा, सचिव योगेश कुमार साहू, सह सचिव चंद्रशेखर, कोषाध्यक्ष मिश्री लाल बैस सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।इसके अलावा कुरुद व्यापारी संघ के अध्यक्ष योगेंद्र सिन्हा और उपाध्यक्ष रवि चंद्राकर भी विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। उनकी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई।
भव्य आयोजन ने बढ़ाई होली की रौनक
व्यापारी संघ द्वारा किए गए इस आयोजन में स्थानीय लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। सभी ने इसे आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने वाला आयोजन बताया। रंग पंचमी के इस कार्यक्रम ने न केवल व्यापारियों को एक मंच पर लाया बल्कि पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए व्यापारी संघ और स्थानीय प्रशासन की सराहना की गई। उपस्थित जनों ने भविष्य में भी इस तरह के सामूहिक आयोजनों को बढ़ावा देने की बात कही।
