अंबिकापुर : केन्द्रीय जेल अंबिकापुर में निरंतर शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में 23 मार्च, रविवार को “उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम” के तहत राष्ट्रव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन किया गया।
412 बंदियों ने लिया परीक्षा में भाग
इस परीक्षा में 361 पुरुष और 51 महिला बंदियों ने भाग लेकर शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाया। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण द्वारा राजेश्वर राम को केंद्राध्यक्ष तथा राहुल सोनी, दिगंबर सिंह कंवर और नीतू सिंह को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था।
परीक्षा केंद्र का किया गया निरीक्षण
परीक्षा के दौरान सीईओ जिला पंचायत विनय अग्रवाल, अपर कलेक्टर राम सिंह ठाकुर, जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री एवं शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शिक्षा की ओर बढ़ते कदम
केन्द्रीय जेल अंबिकापुर में नियमित रूप से शैक्षणिक कक्षाएँ संचालित की जाती हैं।
-
संस्कृत विद्यालय के अंतर्गत कक्षा 6वीं से 8वीं तक कुल 24 बंदी अध्ययनरत हैं।
-
इग्नू अध्ययन केंद्र के तहत 23 बंदी स्नातक स्तर पर शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
-
अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में 137 बंदी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
बंदियों को शिक्षित करने का उद्देश्य
इस पहल का उद्देश्य बंदियों को शिक्षित कर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है, ताकि वे आगे चलकर स्वावलंबी जीवन व्यतीत कर सकें। प्रशासन द्वारा यह प्रयास किया जा रहा है कि शिक्षा के माध्यम से सुधार कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
