नवा रायपुर में जल्द दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, एनआरडीए ने जारी किया टेंडर

रायपुर। नवा रायपुर में अब जल्द ही इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी। नवा रायपुर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) ने आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ई-बसें चलाने का निर्णय लिया है। इसके लिए एनआरडीए ने ग्रास कास्ट कांट्रेक्ट मॉडल (जीसीसी) के तहत 40 ई-बसों का टेंडर जारी कर दिया है।

ई-बसों के संचालन की प्रक्रिया

जीसीसी मॉडल के अंतर्गत ई-बसों और चार्जिंग प्वाइंट की जिम्मेदारी बस मालिक की होगी, जबकि एनआरडीए प्रति किलोमीटर के हिसाब से कॉन्ट्रेक्टर को भुगतान करेगा। बसों के रखरखाव, चार्जिंग प्वाइंट बनाने और मरम्मत की पूरी जिम्मेदारी कॉन्ट्रेक्टर को दी जाएगी। एनआरडीए इन बसों को नवा रायपुर के अलावा माना, अभनपुर और रायपुर स्टेशन तक संचालित करने की योजना बना रहा है। अधिकारियों के अनुसार, निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद कॉन्ट्रेक्टर को तीन महीने के भीतर बसें उपलब्ध करानी होंगी।

बीआरटीएस बसों की जगह ई-बसें

वर्तमान में नवा रायपुर के सेक्टर इलाके, रायपुर स्टेशन, पचपेड़ी नाका और कमल विहार में बीआरटीएस की 30 बसें संचालित हो रही हैं, जिनका अनुबंध जल्द समाप्त होने वाला है। इन बसों की जगह अब 40 नई ई-बसों का संचालन किया जाएगा। शुरुआती किराए के रूप में नवा रायपुर से रायपुर स्टेशन तक ई-बस का किराया 30 रुपए निर्धारित किया गया है। ई-बसों का संचालन करने वाली कंपनी को 10 वर्षों के लिए टेंडर दिया जाएगा। इसके तहत कॉन्ट्रेक्टर को जरूरत के हिसाब से चार्जिंग स्टेशन भी बनाने होंगे। एनआरडीए ठेका एजेंसी को जमीन और बिजली की सुविधा उपलब्ध कराएगा, लेकिन बिजली का बिल ठेका एजेंसी को ही देना होगा।

पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा

एनआरडीए अधिकारियों के मुताबिक, ई-बसों के संचालन से न केवल यातायात व्यवस्था सुगम होगी, बल्कि प्रदूषण पर भी नियंत्रण लगाया जा सकेगा। खासकर नवा रायपुर के सेक्टर इलाकों में इन बसों के संचालन से एक सेक्टर से दूसरे सेक्टर में आना-जाना और अधिक सुगम हो जाएगा। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवा रायपुर में इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर दौड़ने लगेंगी, जिससे आम जनता को बेहतर और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

Arpa News 36
Author: Arpa News 36

यह भी देखें...