धमतरी। धमतरी कलेक्टर श्री मिश्रा ने जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जनदर्शन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। अब जिले के सभी अनुविभागीय राजस्व कार्यालयों में हर सोमवार जनदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक सभी एसडीएम अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे और आम जनता की समस्याओं को सुनकर तत्काल समाधान की दिशा में कदम उठाएंगे।

कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया है कि इस नई व्यवस्था की जानकारी कार्यालय सूचना पटल पर प्रदर्शित की जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग जनदर्शन का लाभ उठा सकें।इस पहल से आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे सीधे अपने क्षेत्र के एसडीएम कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे और समय पर न्याय पा सकेंगे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि इस व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा, ताकि लोगों को प्रशासनिक कार्यों में अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े।







