उर्वशी रौतेला और सनी देओल 12 साल बाद फिर साथ, फिल्म ‘जाट’ में दिखेगी धमाकेदार जोड़ी

बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला 12 साल बाद अभिनेता सनी देओल के साथ बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। उर्वशी जल्द ही फिल्म ‘जाट’ के गाने ‘टच किया’ में नजर आएंगी। इस अपकमिंग प्रोजेक्ट को लेकर अभिनेत्री काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, “12 साल बाद सनी देओल सर के साथ काम करना शानदार अनुभव है और इसके लिए मैं खुद को लकी मानती हूं। वह बेहतरीन एक्शन हीरो हैं और मैं ‘जाट’ में उनके साथ काम करने के लिए रोमांचित हूं।”

पहली फिल्म ‘सिंह साहब द ग्रेट’ में भी किया था साथ काम

उर्वशी रौतेला साल 2013 में आई फिल्म ‘सिंह साहब द ग्रेट’ में सनी देओल के साथ नजर आई थीं। अभिनेत्री ने इस बारे में कहा, “जब मैं 19 साल की थी, तब उन्होंने मुझे 2013 की हिट फिल्म ‘सिंह साहब द ग्रेट’ में काम दिया था, जो मेरी पहली मुख्य भूमिका वाली फिल्म थी। अब हम अपकमिंग फिल्म के लिए फिर से साथ आ रहे हैं। ‘सिंह साहब’ तो बस शुरुआत थी, लेकिन ‘जाट’ एक अलग लेवल पर होगी।”

1 अप्रैल को रिलीज होगा गाना ‘टच किया’

मैत्री मूवी मेकर्स ने रविवार को गाने का स्टिल पोस्टर जारी किया, जिसमें उर्वशी की एक झलक दिखी। निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर लिखा, “बड़े पैमाने पर जाट के ट्रेलर को लॉन्च करने के बाद अब फिल्म से एक धमाकेदार गाने का समय आ गया है। ‘जाट’ का पहला गाना ‘टच किया’ 1 अप्रैल को जारी होगा।”

‘जाट’ में सनी देओल के साथ दिखेंगे कई बड़े कलाकार

फिल्म ‘जाट’ का निर्देशन गोपीचंद मलिनेनी ने किया है। इस फिल्म में सनी देओल के साथ रणदीप हुड्डा, विनीत कुमार सिंह, सैयामी खेर और रेजिना कैसंड्रा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्माण मैत्री मूवी मेकर्स और पीपल मीडिया फैक्ट्री ने मिलकर किया है।

उर्वशी रौतेला का वर्कफ्रंट

हाल ही में उर्वशी रौतेला फिल्म ‘डाकू महाराज’ में नजर आई थीं, जिसका निर्देशन बॉबी कोली ने किया था। इस फिल्म में उर्वशी के साथ नंदमुरी बालकृष्ण, श्रद्धा श्रीनाथ, बॉबी देओल, प्रज्ञा जायसवाल, सचिन खेडेकर, मकरंद देशपांडे, रवि किशन और अन्य कलाकार अहम भूमिकाओं में थे। अब वह ‘जाट’ में एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं।

10 अप्रैल को रिलीज होगी ‘जाट’

फिल्म ‘जाट’ हिंदी, तमिल और तेलुगू भाषाओं में 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। दर्शकों को इस फिल्म में सनी देओल और उर्वशी रौतेला की जोड़ी के साथ-साथ दमदार एक्शन और जबरदस्त कहानी देखने को मिलेगी।

Arpa News 36
Author: Arpa News 36

यह भी देखें...