चैत्र नवरात्रि पर कुरुद में धार्मिक आस्था का संगम, जस गीतों से गूंजा मंदिर परिसर, भक्तों की उमड़ी भीड़

कुरुद। चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन कुरुद में धार्मिक आस्था का भव्य नजारा देखने को मिला। पूर्व विधायक गुरुमुख सिंह होरा ने अपनी धर्मपत्नी संग महाकाली एवं छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर जनकल्याण की कामना की। उन्होंने शुभ मुहूर्त में मंदिर में मनोकामना ज्योत प्रज्वलित की। नगर के अन्य आस्था केंद्रों, चंडी मंदिर, शीतला मंदिर समेत विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं ने आस्था प्रकट करते हुए ज्योत जलाए।

महाकाली मंदिर में 522 तेल एवं 47 घी ज्योत प्रज्वलित

परंपरा अनुसार इस वर्ष भी छत्तीसगढ़ महतारी एवं काली माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि मेले का आयोजन किया गया है। श्रद्धालुओं ने बड़ी श्रद्धा के साथ महाकाली मंदिर में 522 तेल ज्योत एवं 47 घी ज्योत प्रज्वलित कीं। वहीं, माँ चंडी के दरबार में 769 ज्योत प्रज्वलित की गईं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

नवरात्रि मेले में आकर्षण के केंद्र बने झूले एवं दुकानें

कुरुद में चैत्र नवरात्रि पर लगने वाला भव्य मेला हमेशा से श्रद्धालुओं व दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा है। इस बार भी मेले में मनोरंजन के लिए विभिन्न झूले एवं एडवेंचर राइड्स लगाए गए हैं, जिनमें ऑक्टोपस झूला, टोरा टोरा, हवाई झूला, सुपर ड्रैगन, ब्रेकडांस झूला, भूत बंगला, मिक्की माउस, टाइटैनिक, रेंजर झूला, बेबी ट्रेन, सालंबो झूला, मौतकुआं, मोटरबोट, मोटरसाइकिल धूम, स्कॉर्पियो धूम जैसे रोमांचक झूले शामिल हैं। इसके अलावा, विभिन्न राज्यों से आई सजावटी दुकानें व मीना बाजार मेले का विशेष आकर्षण बने हुए हैं।

नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर की आराध्य देवी माँ चंडी के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। भक्तजन पूजा-अर्चना कर अपनी श्रद्धा प्रकट कर रहे हैं। मंदिर परिसर में जस गीतों की मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। चैत्र नवरात्रि का यह पावन पर्व कुरुद में पूरी धार्मिक आस्था और भव्य आयोजन के साथ मनाया जा रहा है, जहां श्रद्धालु आस्था, भक्ति और उत्साह से ओतप्रोत नजर आ रहे हैं।

Arpa News 36
Author: Arpa News 36

यह भी देखें...