कुरूद। धमतरी ज़िले के कुरूद नगर में रामनवमी को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। नगर के प्राचीन श्रीराम मंदिर में रामलला के जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां पूरे जोरों पर हैं। मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक कृत्रिम रोशनियों से सजाया गया है, जिससे मंदिर परिसर की आभा देखते ही बन रही है।
मंदिर के महंत अखिलेशदास वैष्णव ने जानकारी दी कि हर साल की तरह इस बार भी रामनवमी का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत 6 अप्रैल को सुबह 9 बजे विशेष पूजा-अर्चना से होगी। इसके बाद रामायण पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। दोपहर 12 बजे महाआरती के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा।

रामनवमी की सबसे खास बात होगी प्रभु श्रीराम की शोभायात्रा, जो आज़ाद हिन्दू युवा मंच के तत्वावधान में निकाली जाएगी। मंच से जुड़े अनुराग चन्द्राकर, लक्ष्मीकांत साहू, बादल चंद्राकर, मलय चंद्राकर, अक्षत शर्मा और अनुशासन आमादे ने बताया कि मंदिर में पूजा के बाद भगवान श्रीराम की भव्य झांकी नगर भ्रमण पर निकलेगी।
बाजे-गाजे, नाचते-गाते श्रद्धालुओं की टोली और नगरवासियों की भागीदारी शोभायात्रा को और भी विशेष बनाएगी। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती शोभायात्रा का जगह-जगह विभिन्न समाजों और संगठनों द्वारा फूल वर्षा कर स्वागत किया जाएगा।
राम जन्मोत्सव को लेकर नगर को पहले ही भगवा झंडों और तोरण पताकाओं से सजा दिया गया है, जिससे पूरा माहौल राममय हो गया है। श्रद्धालुओं और नगरवासियों में रामनवमी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।







