कुरुद। कुरुद क्षेत्र के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है। क्षेत्रीय विधायक अजय चन्द्राकर की कोशिशों का बड़ा नतीजा सामने आया है। अब कुरुद में डेयरी उद्योग को मजबूती देने के लिए सरकार ने 294.50 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। ये रकम छत्तीसगढ़ के अनुपूरक बजट 2024-25 के तहत मंजूर की गई है।
इस राशि का उपयोग कुरुद में नवीन दुग्ध शीतलीकरण केंद्र, मिल्क कूलर यूनिट, मिल्क टैंकर और अन्य जरूरी अधोसंरचना के विकास में किया जाएगा। इससे न सिर्फ दूध व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।
विधायक अजय चन्द्राकर पहले से ही क्षेत्र में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उनके द्वारा शुरू की गई योजनाओं के चलते क्षेत्र के सैकड़ों लोग अब मछली पालन, मुर्गी पालन, बढाई, राजमिस्त्री, इलेक्ट्रॉनिक मरम्मत, प्लंबिंग, पेंटिंग और दुग्ध उत्पादन जैसे कार्यों से जुड़कर अपनी रोज़ी-रोटी चला रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अजय चन्द्राकर की सक्रियता और दूरदर्शिता के कारण ही क्षेत्र में विकास की गति बनी हुई है। डेयरी उद्योग को मिली यह सौगात किसानों और पशुपालकों के लिए एक बड़ा सहारा साबित होगी।
इस कदम से न केवल स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि कुरुद विधानसभा आत्मनिर्भरता की ओर भी तेजी से बढ़ेगा।







