हनुमान जन्मोत्सव पर बोले कृष्णकांत साहू – “आचरण से चरण की पूजा होती है”

कुरूद। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर आयोजित मानसगण सम्मेलन में सिधौली कला और सेलद्वीप पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत साहू ने अपने विचारों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने कहा कि आज का दिन सिर्फ हनुमान जी के जन्म का उत्सव नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लेने का दिन है।

कृष्णकांत साहू ने कहा, “हनुमान वही हैं जिनमें अभिमान नहीं होता। रामायण हमें सिखाती है कि जीवन में क्या करना चाहिए और क्या नहीं। जिसका आचरण उत्तम होता है, उसी के चरण की पूजा होती है – जैसे प्रभु श्रीराम के।”

उन्होंने कहा कि रामायण के पात्र – श्रीराम, सीता, लक्ष्मण, भरत और हनुमान – जीवन के मूल्यों जैसे सत्य, प्रेम, त्याग, क्षमा और कर्तव्यनिष्ठा के जीवंत उदाहरण हैं। श्रीराम के वनवास जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि माता-पिता की आज्ञा का पालन करना हमारी संस्कृति की आत्मा है। श्रीराम ने जिस प्रकार अपनी माता-पिता की बात को सिर माथे लगाया, वह आज के समय में भी उतना ही प्रेरणादायक है।

सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने यह भी कहा, “आप सभी ने अपने गांव में मानस रूपी गंगा बहाई है, जिसमें मुझे गोता लगाने का सौभाग्य मिला। इसके लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”

इस अवसर पर आयोजन समिति द्वारा कृष्णकांत साहू को प्रभु श्रीराम दरबार का तैल चित्र भेंट किया गया। कार्यक्रम में जगजीवन मिश्रा, श्रीकांत मिश्रा, थानू राम साहू (पूर्व जनपद सदस्य), दुलार साहू (सरपंच सिधौली कला), जनक साहू (अध्यक्ष साहू समाज), चूरामन साहू, पदमन साहू, मनीराम साहू, नारायण साहू, ईश्वर निषाद, राजेंद्र साहू, खूबलाल साहू, भारत साहू, प्रदीप साहू सहित कई गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Arpa News 36
Author: Arpa News 36