भखारा। भारतीय जनता पार्टी के “गांव चलो-घर चलो” राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत भखारा मंडल के भठेली भखारा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस अभियान का नेतृत्व नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने किया। उनके साथ भाजपा के पार्षद और अन्य कार्यकर्ता भी इस जनसंपर्क अभियान में शामिल हुए।
जनसंपर्क के दौरान वार्डवासियों को प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, विश्वकर्मा योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पीएम मुद्रा योजना और महतारी वंदन योजना सहित कई योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही लोगों को इन योजनाओं से जुड़ने और देश-प्रदेश की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
अध्यक्ष ज्योति जैन और पार्षदों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा शुरू की गई इन योजनाओं का उद्देश्य आम लोगों तक सरकार की सुविधाएं पहुंचाना है। वहीं क्षेत्रीय नेता अजय चंद्राकर के मार्गदर्शन में स्थानीय स्तर पर भी योजनाएं सफलतापूर्वक क्रियान्वित की जा रही हैं।
कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत 2047 के विजन को लेकर भी चर्चा की और बताया कि भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। गांवों का समग्र विकास ही देश की प्रगति का आधार है और इसमें हर व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में धान खरीदी मूल्य में वृद्धि, दो साल का बकाया बोनस और आवासहीनों को पीएम आवास की मंजूरी जैसे फैसले लिए जा चुके हैं। ये निर्णय लगातार विष्णु देव साय सरकार द्वारा लागू किए जा रहे हैं, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है।
