कुरूद। ग्राम खर्रा में हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रीराम हिंदू परिवार और समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से त्रिदिवसीय हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। यह आयोजन 10 से 12 अप्रैल तक चला, जिसमें गांव के लोग और श्रद्धालु बढ़-चढ़कर शामिल हुए। 10 अप्रैल को नारी के प्रसिद्ध पंडित दानेश्वर प्रसाद शर्मा के मंत्रोच्चारण के साथ हनुमंत जी का विशेष श्रृंगार किया गया और फिर भक्तों द्वारा अखंड रामायण पाठ शुरू किया गया। पूरे गांव का माहौल भक्तिमय बन गया।

11 अप्रैल की शाम को डीजे की धुन पर एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान हनुमान और श्रीराम के भजनों पर श्रद्धालु झूमते-नाचते नजर आए। शोभायात्रा ने पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल पैदा कर दिया। इस दिन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुरुद विधायक अजय चंद्राकर शामिल हुए। उनके साथ क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा और भी बढ़ा दी।
12 अप्रैल को विधिवत हवन-पूजन के साथ जन्मोत्सव का समापन हुआ। इसके बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। रात्रिकालीन मनोरंजन के लिए पचपेड़ी धमतरी से आए “जय मारादेव मारिया पूरन जस झांकी परिवार” की शानदार प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। इसे देखने के लिए ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। कार्यक्रम की सफलता में श्रीराम हिंदू परिवार के सभी सदस्यों और ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा। तीन दिन तक चले इस धार्मिक आयोजन ने गांव के माहौल को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।







