रायपुर : छत्तीसगढ़ में पर्यटन और साहित्य क्षेत्र को नई दिशा देने के लिए आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के नवनियुक्त अध्यक्ष नीलू शर्मा एवं छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के नवनियुक्त अध्यक्ष शशांक शर्मा के पदभार ग्रहण और अभिनंदन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस गरिमामयी समारोह की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने की। मुख्यमंत्री साय ने दोनों नवनियुक्त अध्यक्षों को पुष्प गुच्छ, राजकीय गमछा और स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका औपचारिक स्वागत किया। समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप और खाद्य मंत्री दयालदास बघेल भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सरगुजा से बस्तर तक पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं, और डबल इंजन की सरकार के प्रभावी प्रयासों से बस्तर में नक्सलवाद अब अंतिम चरण में है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अबूझमाड़ जैसे क्षेत्र अब विकास की मुख्यधारा से जुड़ेंगे और वहां भी पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने पर्यटन को रोजगार का बड़ा जरिया बताते हुए कहा कि राज्य का भविष्य इस दिशा में बेहद उज्ज्वल है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी अपने अध्यक्षीय भाषण में राज्य की जैव विविधता और ऐतिहासिक धरोहरों को छत्तीसगढ़ की बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि बस्तर जल्द ही भारत का सबसे प्रमुख टूरिस्ट डेस्टिनेशन बन सकता है। उन्होंने राज्य की बेहतरीन कनेक्टिविटी और आकर्षक जंगलों का जिक्र करते हुए पर्यटन विकास की संभावनाओं को रेखांकित किया।
