पहलगाम आतंकी हमले पर PM मोदी का बड़ा ऐलान: दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा, सिंधु जल संधि निलंबित

नई दिली | जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सख्त रुख अपनाया है। इस हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की जान चली गई, जिससे पूरे देश में गुस्से की लहर है। प्रधानमंत्री मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि इस हमले के पीछे जो भी लोग हैं, उन्हें किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उनके अपराधों की उन्हें सख्त सजा दी जाएगी।

इस हमले के बाद भारत सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए पाकिस्तान के साथ की गई सिंधु जल संधि को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। इस फैसले को पाकिस्तान ने ‘युद्ध की कार्रवाई’ करार दिया है, जिससे दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद तनाव और बढ़ गया है।

भारत को इस मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय का भी समर्थन मिल रहा है। इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीएम मोदी से फोन पर बात की और इस नृशंस हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने भारत के साथ एकजुटता जताते हुए आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सहयोग देने का वादा भी किया।

इस बीच, भारतीय सेना भी हरकत में आ गई है। सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी खुद श्रीनगर पहुंचकर स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षाबलों को सीमा पार से घुसपैठ को रोकने और आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद करने के लिए पूरी छूट दे दी गई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को भरोसा दिलाते हुए कहा, “आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई जारी रहेगी और हर एक मासूम की मौत का हिसाब लिया जाएगा।”

Bharti Sahu
Author: Bharti Sahu

यह भी देखें...