नई दिल्ली । हिंदू धर्म में अक्षय तृतीया का पर्व अत्यधिक महत्वपूर्ण माना जाता है। इस दिन को अबूझ मुहूर्त माना जाता है, यानी इसमें कोई भी शुभ कार्य बिना पंचांग देखे किया जा सकता है। इस वर्ष अक्षय तृतीया का पर्व 30 अप्रैल 2025 को मनाया जाएगा, और इस दिन मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है।
आर्थिक कारणों से यदि सोना खरीदना संभव नहीं हो तो कोई बात नहीं! इस दिन कुछ अन्य वस्तुओं की खरीदारी से भी आप मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त कर सकते हैं। तो आइए जानते हैं, अक्षय तृतीया के दिन किन वस्तुओं की खरीदारी से आपके घर में समृद्धि आएगी।
मिट्टी का घड़ा या मटका:
यदि सोने की खरीदारी संभव नहीं हो, तो अक्षय तृतीया पर मिट्टी का घड़ा या मटका खरीदें। इसे घर लाकर शरबत भरकर दान करने से पुण्यफल प्राप्त होता है और आपके घर में समृद्धि आती है।
जौ:
अक्षय तृतीया पर जौ खरीदकर घर लाना भी शुभ माना जाता है। जौ को घर में रखने से घर में सुख-समृद्धि और धन-धान्य की वृद्धि होती है।
कौड़ी:
मां लक्ष्मी को कौड़ी अत्यंत प्रिय है। इस दिन कौड़ी खरीदकर माता लक्ष्मी के चरणों में अर्पित करें और लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी में रखें। इससे घर में समृद्धि बनी रहती है।
पीतल के बर्तन:
अक्षय तृतीया के दिन पीतल के बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है। यह न केवल घर में सुख-समृद्धि लाता है, बल्कि मां लक्ष्मी की कृपा भी बरसती है।
चांदी:
यदि सोना खरीदना संभव न हो, तो चांदी की खरीदारी भी उतनी ही शुभ होती है। चांदी के सिक्के, चम्मच, या आभूषण खरीदकर आप मां लक्ष्मी की कृपा पा सकते हैं।
घर और वाहन:
अक्षय तृतीया का दिन घर या वाहन खरीदने के लिए अत्यंत शुभ होता है। इस दिन खरीदी गई संपत्ति से जीवन में खुशहाली और समृद्धि बनी रहती है।







