रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 17 लोगों की जान चली गई, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर ही चीख-पुकार मच गई और चारों ओर अफरा-तफरी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा विधानसभा थाना क्षेत्र के ग्राम चटौद के ग्रामीणों के साथ हुआ। ये सभी लोग एक शादी के बाद आयोजित चौथिया कार्यक्रम में शामिल होकर खरोरा थाना क्षेत्र के ग्राम बाना बनारसी से लौट रहे थे। सभी लोग एक माजदा वाहन में सवार थे, जिसमें लगभग 50 से ज्यादा लोग बैठे थे।
रात के समय जब ये वाहन सारागांव के पास पहुँचा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि माजदा वाहन के परखच्चे उड़ गए और कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ लोग वाहन में ही फंस गए थे, जिन्हें बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
हादसे में एक एक साल से भी कम उम्र के बच्चे की जान भी चली गई है। यह दृश्य इतना हृदयविदारक था कि वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
पुलिस और प्रशासन की टीम को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को पहले खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और वहां से रायपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी रात में ही घटनास्थल पर पहुंच गए थे। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, 17 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हादसे के पीछे तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना प्राथमिक कारण माना जा रहा है, लेकिन पुलिस जांच जारी है।
इस हादसे ने पूरे गांव और आसपास के इलाकों को सदमे में डाल दिया है। खुशियों से लौट रहे लोग मातम में बदल गए।







