खरोरा हादसे पर सीएम विष्णु देव साय का बड़ा ऐलान: मृतकों को 5-5 लाख, घायलों को मिलेगा मुआवज़ा – संवेदना के साथ सरकार खड़ी

रायपुर । छत्तीसगढ़ के खरोरा क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। हादसे में 13 लोगों की मौत और 14 अन्य के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि के बाद मुख्यमंत्री ने संवेदना प्रकट करते हुए कहा, “खरोरा में हुआ यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। मैं दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ।”

मुख्यमंत्री श्री साय ने यह भी कहा कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों की सतत निगरानी करने और सभी घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता की घोषणा करते हुए बताया कि:

  • मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी।

  • गंभीर रूप से घायलों को ₹50 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी।

मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, घायलों को रायपुर मेडिकल कॉलेज और खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही ना बरती जाए। साथ ही इस दुर्घटना को लेकर पूरे प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

इस हादसे ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है, और अब सरकार की ओर से त्वरित सहायता एवं राहत कार्यों की घोषणा से प्रभावित परिवारों को कुछ राहत मिल सकती है।

Bharti Sahu
Author: Bharti Sahu

यह भी देखें...