छत्तीसगढ़ में आज इतिहास रचने जा रही है भव्य तिरंगा यात्रा – गांव-गांव गूंजेगा “हम सेना के साथ हैं” का नारा!

रायपुर । छत्तीसगढ़ एक बार फिर देशभक्ति की मिसाल पेश करने जा रहा है। राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक अभियान के तहत आज पूरे प्रदेश में गांव-गांव, शहर-शहर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा में आम नागरिकों की भागीदारी का प्रतीक बनने जा रही है।

इस यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री, और अन्य मंत्रीगण भी शामिल होंगे। इसके अलावा सांसद, विधायक, जिला और पंचायत प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है, जिससे यह आयोजन जनसहभागिता का अद्भुत उदाहरण बनेगा।

तिरंगा यात्रा की अगुवाई “राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक” नामक बैनर से होगी, और साथ में “ऑपरेशन सिंदूर” का अधिकारिक लोगो भी प्रमुख रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। यात्रा का सबसे खास पहलू होंगे “हम सेना के साथ हैं” और “ऑपरेशन सिंदूर के साथ राष्ट्र” जैसे जोशीले बैनर, जो लोगों में जोश और गर्व की भावना भर देंगे।

आम लोगों से लेकर छात्रों तक, सब होंगे साथ

इस यात्रा में पूर्व सैनिक, सैनिकों के परिवार, विद्यालयों के छात्र, NCC, NSS, स्काउट्स, और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे। जिला प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा शांतिपूर्ण, अनुशासित और जोश से भरी हो।

देशभक्ति की भावना को और गहरा करने के लिए देशभक्ति गीतों का प्रसारण उद्घोषणा वाहनों से किया जाएगा और नारे गूंजेंगे – “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय”! विशेष आकर्षण के रूप में लंबे-लंबे तिरंगे यात्रा में शामिल होंगे और सभी प्रतिभागियों के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज होगा।

ऑपरेशन सिंदूर के ज़रिए एकजुट होगा छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि यह तिरंगा यात्रा सिर्फ आयोजन नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा में भागीदारी का जीवंत उदाहरण बनेगी। “ऑपरेशन सिंदूर” के ज़रिए यह संदेश पूरे प्रदेश में जाएगा कि राष्ट्र की सुरक्षा सिर्फ सरकार या सेना की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय एकता, सेना के प्रति सम्मान, और जनभागीदारी के एक नए अध्याय की शुरुआत करने जा रहा है। आज  पूरा प्रदेश एक स्वर में बोलेगा – हम साथ हैं, सेना के साथ हैं!

Bharti Sahu
Author: Bharti Sahu