कुरूद। जनपद पंचायत क्षेत्र कुरूद में सरपंच संघ का चुनाव इस बार आपसी सहमति और पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जो क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों की एकजुटता का उदाहरण बन गया। इस अहम बैठक में कुल 72 सरपंचों ने भाग लिया और संगठन के नए पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया।
खुसरेंगा के सरपंच हरिशंकर साहू को सर्वसम्मति से सरपंच संघ का अध्यक्ष चुना गया है। वहीं नवागांव के सरपंच टिकेश साहू को संगठन का संरक्षक नियुक्त किया गया। उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी चार अलग-अलग क्षेत्रों से चुने गए प्रतिनिधियों को दी गई है—दरबा की श्रीमती पूजा साहू, भांठागांव की पुष्पलता साहू, अछोटी के पुरण घृतलहरे, और सिर्री के युवा सरपंच देशान्त सिन्हा को यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
सचिव पद पर सुपेला के चेतन देवांगन और सह सचिव के रूप में चरमुड़िया की नीतू तोड़ेकर को चुना गया। कोषाध्यक्ष की भूमिका पन्ना चंद्राकर (परसवानी) और जयमित्र साहू (गोजी) को दी गई है। मीडिया से जुड़े कामकाज की जिम्मेदारी भोथली के योगेश साहू को सौंपी गई है, जिन्हें संघ का मीडिया प्रभारी बनाया गया है।
संगठनात्मक समन्वय के लिए ज्योति मांडवी (भेंडरा) को संयोजक और दुलार साहू (सिंधौरी) को सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही भारत भूषण (सेलदीप) और देवचरण चंद्राकर (जीजामगांव) को महामंत्री के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं, जोरातराई की श्रीमती पूर्णिमा साहू और दहदहा के डिलन चंद्राकर को विशेष पद सौंपे गए हैं।
इस मौके पर जनपद पंचायत अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू और जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू की विशेष उपस्थिति रही। दोनों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और सरपंच संघ को और अधिक संगठित और सक्रिय रूप से कार्य करने की प्रेरणा दी।
यह चुनाव न केवल कुशल नेतृत्व के चयन की प्रक्रिया रहा, बल्कि यह दिखाता है कि ग्राम पंचायत स्तर पर भी लोकतांत्रिक मूल्यों और आपसी सामंजस्य से एक मजबूत संगठन तैयार किया जा सकता है।
