कुरुद । टारनेडो क्लब के बैनर तले आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य समापन रविवार देर रात खेल मेला मैदान कुरुद में हुआ। फाइनल मुकाबला पदमपुर और चर्रा की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें रोमांचक खेल का प्रदर्शन करते हुए पदमपुर की टीम ने शानदार जीत दर्ज की।
फाइनल मैच में पदमपुर की टीम ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल की बदौलत चर्रा को पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता पदमपुर को 21 हजार रुपये नगद एवं शील्ड प्रदान की गई, जबकि चर्रा की टीम को द्वितीय स्थान से संतोष करना पड़ा। प्रतियोगिता में तृतीय स्थान सौराबांधा और चतुर्थ स्थान परसट्टी की टीम ने हासिल किया।
दो दिनों तक चले इस कबड्डी टूर्नामेंट में जिले की 32 चुनिंदा टीमों ने भाग लिया और अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि जिला सहकारी बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा रहे। उन्होंने कहा कि कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल गांव-गांव में खेले जाते हैं और इस प्रकार के आयोजनों से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कुरुद में भविष्य में प्रदेश स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित करने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता टीसीसी प्रमुख रविकांत चन्द्राकर ने की। विशिष्ट अतिथियों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारणी चन्द्राकर, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष तपन चन्द्राकर, रायपुर एसपी नीरज चन्द्राकर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए।
इसके अलावा टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार दिए गए। वहीं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सिया शर्मा, नरेंद्र साहू और धनेश्वरी निर्मलकर को सम्मानित किया गया।
इस सफल आयोजन में गोविन्द गोस्वामी, एवी मारुति, देवव्रत साहु, हरिश देवांगन, पुष्कर गोस्वामी, हरिशंकर सोनवानी, प्रमोद साहू, निलेश मिश्रा, जितेन्द्र शर्मा, मनोज तिवारी, संजय धुर्व, स्वर्ण सिंह कलशी, दीपक गांधी, लोकेश्वर ग्वाल, राजकुमार रात्रे, जितेन्द्र परमार, राजेश बजाज, दीपक अग्रवाल, राघवेंद्र सोनी, निलेश बाजपेयी, कृष्णकांत साहू, आशीष शर्मा, राखी चन्द्राकर, सुरेश वर्धयानी, तेजराम सिन्हा सहित अनेक खेल प्रेमियों और आयोजकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।







