शादी के झांसे में फंसा बुजुर्ग, सात महीने में 9.5 लाख की ठगी

रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी का झांसा देकर 80 वर्षीय बुजुर्ग से करीब 9 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है, जिसमें पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन फ्रॉड के बढ़ते खतरे और उसके बदलते तरीकों को उजागर कर दिया है।

पुलिस के अनुसार हांडीपारा एचएमटी चौक निवासी मनहरण लाल टिकरिहा, जो रविशंकर विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त टेक्नीशियन हैं, ने विवाह के उद्देश्य से दिल्ली स्थित एक मैरिज ब्यूरो से संपर्क किया था। इसी दौरान उन्हें “रजनी शर्मा” नाम की एक महिला का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया गया। महिला ने खुद को कोरबा निवासी और रेलवे विभाग में सेवानिवृत्त इंजीनियर बताते हुए भरोसा जीत लिया। 14 जून 2025 को दोनों के बीच पहली बार बातचीत हुई और अगले ही दिन महिला ने घर में शादी का हवाला देकर 1.50 लाख रुपये की मांग की। पीड़ित ने विश्वास में आकर अपने एसबीआई खाते से चेक के माध्यम से 1.40 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।

इसके बाद ठगी का सिलसिला लगातार जारी रहा। 18 जून को एक अन्य नंबर से कॉल कर बताया गया कि महिला का पटना में एक्सीडेंट हो गया है और ऑपरेशन के लिए तत्काल पैसे की जरूरत है। भावनात्मक रूप से प्रभावित बुजुर्ग ने फिर 1.50 लाख रुपये भेज दिए। आरोपी महिला ने अलग-अलग बहानों—इलाज, पारिवारिक समस्याओं और आपातकालीन खर्च—का हवाला देकर लगातार पैसे ऐंठती रही। यह सिलसिला करीब सात महीनों तक चलता रहा और 15 जून 2025 से 9 जनवरी 2026 के बीच पीड़ित ने कई किश्तों में कुल 9.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।

जब लंबे समय तक महिला ने न तो मुलाकात की और न ही शादी को लेकर कोई ठोस कदम उठाया, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने आजाद चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है और संबंधित मोबाइल नंबरों व बैंक खातों की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में ठग भावनात्मक संबंध बनाकर लोगों को निशाना बनाते हैं, इसलिए सतर्कता बेहद जरूरी है।

पुलिस और साइबर विशेषज्ञों ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति पर जल्द विश्वास न करें और ऑनलाइन या फोन पर पैसे ट्रांसफर करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें। विशेषकर मैरिज ब्यूरो या सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में आए लोगों के साथ वित्तीय लेनदेन से बचने की सलाह दी गई है। साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन https://cybercrime.gov.in/ पर भी संपर्क किया जा सकता है।

 

Annu Dewangan
Author: Annu Dewangan