आईपीएल मैच में महंगाई का खेल, पानी-समोसे पर उठे गंभीर सवाल

रायपुर। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित आईपीएल मुकाबले के दौरान दर्शकों से खान-पान की वस्तुओं के नाम पर कथित तौर पर मनमानी वसूली किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी (CSS) ने इस संबंध में प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को शिकायत पत्र सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संस्था ने आरोप लगाया है कि मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद वेंडरों ने दर्शकों की मजबूरी का फायदा उठाते हुए खाने-पीने की वस्तुएं बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर बेचीं। शिकायत में आयोजन से जुड़े वेंडरों के साथ-साथ Royal Challengers Bengaluru और Board of Control for Cricket in India की जवाबदेही तय करने की मांग भी की गई है।

संस्था के संयोजक डॉ. कुलदीप सोलंकी के अनुसार मैच के दिन रायपुर में तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच था और सुरक्षा कारणों से दर्शकों को बाहर से पानी या खाद्य सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं थी। ऐसे में स्टेडियम के भीतर उपलब्ध वेंडरों ने पानी की बोतल, समोसा और कोल्ड ड्रिंक जैसी सामान्य वस्तुओं को अत्यधिक कीमत पर बेचा। आरोप है कि बाजार में 20 रुपये में मिलने वाली पानी की बोतल 100 रुपये में और सामान्य खाद्य सामग्री भी कई गुना अधिक कीमत पर बेची गई। संस्था का कहना है कि यह केवल मुनाफाखोरी नहीं बल्कि खेल प्रेमियों के साथ आर्थिक शोषण का मामला है। शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि अधिकांश स्टॉलों पर डिजिटल भुगतान के बजाय नकद लेनदेन को प्राथमिकता दी गई और ग्राहकों को कोई पक्का बिल या रसीद उपलब्ध नहीं कराई गई। इससे जीएसटी चोरी और राजस्व अनियमितता की आशंका भी जताई गई है। संस्था ने राज्य जीएसटी विभाग से इस पूरे लेनदेन की जांच कराने की मांग की है।

छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी का दावा है कि लगभग 60 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में एक ही मैच के दौरान खान-पान का कारोबार करोड़ों रुपये तक पहुंचा और इसमें बड़ी राशि कथित रूप से अतिरिक्त वसूली के रूप में हासिल की गई। संस्था ने मांग की है कि वेंडरों द्वारा ली गई अतिरिक्त राशि का पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाए तथा नियम विरुद्ध वसूली पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही भविष्य में आयोजित होने वाले आईपीएल मुकाबलों के लिए प्रशासन द्वारा पहले से खाद्य सामग्री की दरें तय करने, स्टेडियम परिसर में रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने और प्रत्येक खरीद पर पक्का बिल देने की व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई गई है। रायपुर में आगामी आईपीएल मुकाबले को देखते हुए संस्था ने प्रशासन से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है ताकि दर्शकों को बुनियादी सुविधाएं उचित दरों पर उपलब्ध हो सकें और खेल आयोजन का अनुभव अव्यवस्था तथा मुनाफाखोरी की वजह से प्रभावित न हो। आईपीएल और क्रिकेट आयोजन से जुड़ी अधिक जानकारी Indian Premier League पर देखी जा सकती है।

Rizwan Rizwi
Author: Rizwan Rizwi