नया रायपुर जंगल सफारी घूमना हुआ महंगा, टिकट दरों में भारी बढ़ोतरी

छत्तीसगढ़। नया रायपुर स्थित नंदनवन चिड़ियाघर और जंगल सफारी की सैर अब आम लोगों की जेब पर पहले से अधिक भारी पड़ने वाली है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने प्रवेश शुल्क, सफारी राइड और अन्य सेवाओं की दरों में संशोधन करते हुए नई शुल्क सूची जारी कर दी है। नई व्यवस्था के तहत कई श्रेणियों में टिकट दरों में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है, जबकि कुछ मामलों में शुल्क पहले की तुलना में दोगुने से भी अधिक कर दिए गए हैं। ऐसे में सप्ताहांत और छुट्टियों के दौरान परिवार के साथ घूमने की योजना बनाने वालों के बजट पर इसका सीधा असर पड़ने की संभावना है।

नई दरों के मुताबिक अब चिड़ियाघर में प्रवेश के लिए 6 से 12 वर्ष तक के बच्चों का टिकट 25 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये कर दिया गया है, जबकि 12 वर्ष से अधिक उम्र के वयस्कों को अब 50 रुपये की जगह 100 रुपये चुकाने होंगे। विदेशी पर्यटकों के लिए प्रवेश शुल्क 200 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है। हालांकि, विभाग ने दिव्यांगजनों और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को वैध पहचान पत्र के आधार पर निःशुल्क प्रवेश की सुविधा जारी रखी है, लेकिन यह छूट शनिवार, रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में लागू नहीं होगी। वन विभाग के इस फैसले के बाद पर्यटन प्रेमियों और नियमित रूप से सफारी घूमने वालों के बीच नई दरों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

जंगल सफारी के भीतर बस और जिप्सी राइड के किराए में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है। बच्चों के लिए सामान्य बस का किराया 100 रुपये, एसी बस के लिए 150 रुपये और इलेक्ट्रिक बस के लिए 175 रुपये तय किया गया है। वहीं वयस्कों को सामान्य बस के लिए 150 रुपये, एसी बस के लिए 200 रुपये और इलेक्ट्रिक बस के लिए 250 रुपये देने होंगे। खुली जिप्सी से सफारी का आनंद लेने वाले पर्यटकों के लिए प्रति व्यक्ति शुल्क 700 रुपये तथा पूरी जिप्सी बुक करने का किराया 3,500 रुपये निर्धारित किया गया है। विदेशी सैलानियों के लिए यह शुल्क और अधिक रखा गया है। विभाग का कहना है कि सुविधाओं के बेहतर संचालन और रखरखाव को ध्यान में रखते हुए शुल्क संशोधित किए गए हैं। जंगल सफारी और टिकट से जुड़ी विस्तृत जानकारी वन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर देखी जा सकती है: छत्तीसगढ़ जंगल सफारी

Annu Dewangan
Author: Annu Dewangan