मन की बात से मिलती नई प्रेरणा, नियमित सुनें नागरिक

छत्तीसगढ़। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए नागरिकों से इसे नियमित रूप से सुनने की अपील की है। रविवार को नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में आकाशवाणी पर प्रसारित कार्यक्रम सुनने के बाद उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े विषयों को सरल तरीके से प्रस्तुत किया जाता है, जिससे लोगों को नई जानकारी के साथ सकारात्मक प्रेरणा भी मिलती है। उन्होंने कहा कि आज के एपिसोड में देश की विविधता, विभिन्न क्षेत्रों के आमों की विशेषताओं और गर्मी के मौसम में उपयोग किए जाने वाले पारंपरिक पेय पदार्थों का उल्लेख किया गया, जो भारतीय संस्कृति और जीवनशैली की समृद्ध परंपराओं को दर्शाता है।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का माध्यम बन चुका है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे नवाचार, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, लोक परंपराओं और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को सामने लाकर आम लोगों को प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से लोगों को देश के अलग-अलग क्षेत्रों की विशेषताओं, स्थानीय उपलब्धियों और सांस्कृतिक विरासत के बारे में जानकारी मिलती है, जिससे राष्ट्रीय एकता की भावना भी मजबूत होती है।

प्राचीन धरोहरों के संरक्षण के विषय पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए अरुण साव ने कहा कि भारत की सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत सदैव समृद्ध रही है तथा इनके संरक्षण की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है। उन्होंने विशेष रूप से बिलासपुर जिले के मल्हार क्षेत्र में छठवीं-सातवीं शताब्दी के ताम्रपत्र मिलने को छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताया। साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इस ऐतिहासिक उपलब्धि का उल्लेख किया जाना राज्य के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि प्राचीन धरोहरों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों को देश के इतिहास और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ‘मन की बात’ कार्यक्रम से जुड़ी अधिक जानकारी और एपिसोड सुनने के लिए आधिकारिक वेबसाइट देखी जा सकती है: बाहर पढ़ें — मन की बात कार्यक्रम

Annu Dewangan
Author: Annu Dewangan