छत्तीसगढ़ी कमेंट्री में कुरुद का जलवा, हरीश देवांगन का चयन

कुरुद। प्रदेश की गुरतुर छत्तीसगढ़ी बोली को क्रिकेट के मैदान से देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में एक नई पहल के तहत कुरुद के हरीश देवांगन का चयन सीजी स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) सीजन-3 में लाइव छत्तीसगढ़ी कमेंट्री के लिए किया गया है। इस उपलब्धि से कुरुद सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। खेल और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े हरीश देवांगन वर्तमान में स्पोर्ट्स टीचर होने के साथ-साथ राज्य क्रिकेट संघ में अंपायर की भूमिका भी निभा रहे हैं। उनके चयन को स्थानीय प्रतिभा और छत्तीसगढ़ी भाषा के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने हाल ही में छत्तीसगढ़ी भाषा में क्रिकेट कमेंट्री के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे, जिसमें इच्छुक प्रतिभागियों को अपनी खेल संबंधी उपलब्धियों के साथ दो मिनट की ऑडियो कमेंट्री भेजनी थी। चयन प्रक्रिया के दौरान निर्णायक ज्यूरी ने प्रतिभागियों की भाषा शैली, खेल की समझ और प्रस्तुति क्षमता के आधार पर चयन किया, जिसमें हरीश देवांगन ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से स्थान बनाया। आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंटों में क्षेत्रीय भाषाओं में कमेंट्री को मिली लोकप्रियता को देखते हुए संघ ने पहली बार छत्तीसगढ़ी बोली में लाइव कमेंट्री की शुरुआत करने का निर्णय लिया है, जिसकी शुरुआत सीसीपीएल सीजन-3 से होगी। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को नई पहचान देने के साथ-साथ स्थानीय भाषा को व्यापक मंच प्रदान करना भी है।

सीसीपीएल सीजन-3 में चयनित खिलाड़ियों को छह टीमों—रायगढ़ लायंस, रायपुर राइनोज, बिलासपुर बुल्स, बस्तर बायसन, सरगुजा टाइगर्स और राजनांदगांव पैंथर्स—में शामिल किया जाएगा, जहां उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। क्रिकेट संघ का मानना है कि इस मंच के जरिए प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को आईपीएल, रणजी ट्रॉफी, ईरानी ट्रॉफी और राष्ट्रीय टीम तक पहुंचने का रास्ता मिल सकता है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगे चयन की संभावनाएं भी बनती हैं। क्रिकेट को प्रदेश में नई ऊंचाई देने के प्रयासों का श्रेय संघ के चेयरमैन बलदेव सिंह भाटिया, विजय शाह और अन्य पदाधिकारियों को दिया जा रहा है। अपने चयन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए हरीश देवांगन ने कहा कि एक कमेंटेटर का दायित्व केवल मैच का वर्णन करना नहीं, बल्कि खिलाड़ी के प्रदर्शन को शब्दों के माध्यम से दर्शकों तक जीवंत रूप में पहुंचाना होता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी की मिठास को कमेंट्री के जरिए जन-जन तक पहुंचाने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है। क्रिकेट और घरेलू टूर्नामेंटों से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट https://www.bcci.tv उपयोगी हो सकती है।

Annu Dewangan
Author: Annu Dewangan