धमतरी। मगरलोड जनपद क्षेत्र के ग्राम चंदना से चमसूर मार्ग पर लंबे समय से बहुप्रतीक्षित उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण कार्य का रविवार को भूमिपूजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक अजय चन्द्राकर ने ग्राम चंदना-चमसूर के बीच नाले पर बनने वाले इस पुल का शिलान्यास करते हुए इसे क्षेत्रीय विकास और ग्रामीण आवागमन के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। लगभग 58.77 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस उच्चस्तरीय पुल के निर्माण से ग्रामीणों को विशेष रूप से बरसात के मौसम में राहत मिलने की उम्मीद है, जब जलभराव और नाले में पानी बढ़ने के कारण आवागमन प्रभावित होता रहा है।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देना, ग्रामीणों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देना और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पुल निर्माण पूरा होने के बाद न केवल गांवों के बीच संपर्क बेहतर होगा, बल्कि स्थानीय लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच में भी सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जनपद अध्यक्ष वीरेन्द्र साहू ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि जनपद क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को मजबूत करने लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और यह पुल क्षेत्र की प्रगति में अहम भूमिका निभाएगा।
इसी अवसर पर ग्राम परसट्टी में बिहान अजीविका मिशन के अंतर्गत मशरूम उप क्षेत्र परियोजना का शुभारंभ भी किया गया। विधायक अजय चन्द्राकर ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं से इस परियोजना से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने और अन्य महिलाओं को भी प्रेरित करने की अपील की। ग्रामीणों ने पुल निर्माण और आजीविका परियोजना की शुरुआत को क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताते हुए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति मीना डेमू साहू, जनपद सदस्य राजेश साहू, अनीता देशमुख, सरिता कश्यप सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीण विकास और महिला स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं की अधिक जानकारी राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) पर देखी जा सकती है।







