कुरूद-अभनपुर रेल ट्रैक पर हाईस्पीड ट्रायल सफल, जल्द दौड़ेगी यात्री ट्रेन

कुरूद। रायपुर से धमतरी के बीच बहुप्रतीक्षित रेल सेवा शुरू होने की उम्मीद एक बार फिर मजबूत हुई है। बुधवार को कुरूद से अभनपुर के बीच नवनिर्मित रेल ट्रैक पर हाईस्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा किया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार परीक्षण के दौरान ट्रेन ने 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ते हुए लगभग 24 किलोमीटर की दूरी महज 12 मिनट में तय की, जिससे ट्रैक की क्षमता और तकनीकी मानकों की सफल पुष्टि हुई।

रेल मंडल रायपुर के अभियंता के नेतृत्व में रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों की टीम ने इस परीक्षण को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार ट्रेन इंजन एक बोगी के साथ रायपुर से फूटप्लेट निरीक्षण करते हुए दोपहर करीब 12 बजे कुरूद रेलवे स्टेशन पहुंची। इसके बाद तकनीकी टीम ने स्पीड ट्रायल के लिए ट्रेन को अभनपुर की ओर रवाना किया। परीक्षण के दौरान ट्रैक की गति क्षमता, पिक पॉइंट जर्क तथा अन्य तकनीकी मानकों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सभी परीक्षण संतोषजनक पाए गए और ट्रैक निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित है।

रायपुर-धमतरी रेल परियोजना लंबे समय से जिले के लोगों की अपेक्षाओं से जुड़ी रही है। इस मार्ग पर नियमित ट्रेन सेवा शुरू होने से धमतरी, कुरूद और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को राजधानी रायपुर तक आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़े कार्यों के लिए भी लोगों को तेज और सुलभ परिवहन उपलब्ध हो सकेगा। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा भी लंबे समय से इस रेल सेवा को शुरू करने की मांग की जाती रही है।

रेल मंडल के अधिकारियों ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर यह हाईस्पीड ट्रायल आयोजित किया गया था। परीक्षण की रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगामी प्रक्रियाएं आगे बढ़ाई जाएंगी। अधिकारियों ने संभावना जताई है कि यदि सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी होती हैं तो इसी वर्ष के अंत तक रायपुर से धमतरी के बीच यात्री ट्रेन सेवा शुरू की जा सकती है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले फरवरी माह में भी इस रेलखंड पर ट्रायल किया गया था। लगातार हो रहे सफल परीक्षणों ने अब इस परियोजना के जल्द धरातल पर उतरने की उम्मीदों को और मजबूत कर दिया है।

रेलवे से संबंधित आधिकारिक जानकारी और अपडेट के लिए भारतीय रेलवे की वेबसाइट देखी जा सकती है। ट्रायल के दौरान रेलवे के तकनीकी स्टाफ प्रहलाद शैलार, योगेश वरिष्ठ, बीके चौधरी, अमलेश कुमार, प्यार मोहम्मद और रंजीत साहू सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Annu Dewangan
Author: Annu Dewangan