बिजली कटौती से कुरूद में बढ़ा जनआक्रोश, कारोबार और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित

धमतरी । नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही अनियमित विद्युत कटौती अब लोगों की नाराजगी का कारण बनती जा रही है। बिना किसी पूर्व सूचना के दिन और रात में बार-बार बिजली गुल होने से आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारी वर्ग भी परेशान है। पिछले कुछ समय से क्षेत्र में बिजली की आवाजाही का सिलसिला लगातार बढ़ गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है। नागरिकों का कहना है कि ऑफ सीजन होने के बावजूद बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है और मामूली तकनीकी कारणों का हवाला देकर लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रखी जा रही है।

दिन के समय बिजली कटौती का सबसे अधिक असर व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ रहा है। दुकानों, छोटे प्रतिष्ठानों और इंटरनेट आधारित सेवाओं का काम बाधित हो रहा है, जिससे आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। वहीं रात में अचानक बिजली चले जाने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है और बुजुर्गों तथा बच्चों को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं का आरोप है कि शहर की तुलना में गांवों में अधिक समय तक बिजली बंद रखी जाती है। हल्की बारिश या तेज हवा चलने पर कई गांवों में घंटों तक विद्युत आपूर्ति ठप हो जाती है, जिससे पेयजल व्यवस्था और अन्य आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित होती हैं।

उपभोक्ताओं का यह भी कहना है कि विभाग द्वारा संधारण, मरम्मत और लाइन फाल्ट का हवाला बार-बार दिया जाता है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नजर नहीं आ रहा है। कई लोगों ने शिकायत की है कि समस्या की जानकारी देने के लिए विभागीय कार्यालय में संपर्क करने पर फोन तक नहीं उठाया जाता। नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करने के बावजूद उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण सेवा नहीं मिल पा रही है, जिससे उनमें असंतोष बढ़ता जा रहा है।

बिजली व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों की नाराजगी खुलकर सामने आ रही है। युवा वर्ग विभागीय अधिकारियों और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है तथा लगातार हो रही कटौती को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग कर रहा है। कई उपभोक्ताओं ने क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप की भी अपेक्षा जताई है।

इस संबंध में विद्युत विभाग के कनिष्ठ यंत्री राकेश सिन्हा का कहना है कि विद्युत वितरण व्यवस्था और सप्लाई लाइन का नियमित रखरखाव किया जाता है। मौसम में बदलाव और उपकरणों पर बढ़ते अतिरिक्त दबाव के कारण कभी-कभी आपूर्ति प्रभावित हो जाती है, लेकिन विभाग द्वारा खराबी को जल्द से जल्द दूर करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए विभाग लगातार काम कर रहा है। विद्युत सेवाओं से जुड़ी अधिक जानकारी और शिकायत दर्ज करने के लिए उपभोक्ता छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड पर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Annu Dewangan
Author: Annu Dewangan