कुरूद। संपूर्ण मानवता के कल्याण, सेवा, त्याग और तपस्या की प्रतीक मां कर्मा की 1009वीं जयंती पर साहू समाज कुरूद द्वारा भव्य कलश यात्रा एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्रद्धा और उत्साह के वातावरण में निकली।
शोभायात्रा का शुभारंभ मां चंडी प्रांगण से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में साहू समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण किया, जबकि समाज के युवाओं ने जयघोष और भजन-कीर्तन के साथ आयोजन को भक्ति-भाव से परिपूर्ण कर दिया।
भाजपा मंडल कुरूद द्वारा सरोजनी चौक में शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान मां कर्मा की भव्य आरती की गई तथा शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। साथ ही, भाजपा मंडल की ओर से श्रद्धालुओं के लिए जलपान की भी विशेष व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर, टिकेश साहू, संजू चंद्राकर, थानेश्वर साहू, टिकेश साहू कोकड़ी, रवि मानिकपुरी, सीतेश सिन्हा, कविता चंद्राकर, मिथलेश बैस, राजकुमारी ध्रुव, सुरेखा चंद्राकर, कामिथला साहू, ओमप्रकाश साहू, शोभा साहू, सुंदर साहू, नरेश साहू, हेमलू साहू, प्रेमसिंह साहू, मोहन साहू, पचू साहू, संतोष साहू, शत्रु साहू, भारत साहू, खिलावन साहू, खूबलाल साहू सहित बड़ी संख्या में सामाजिक जन उपस्थित रहे।
