“सरकारी नौकरी नहीं, टारगेट पर फोकस करो: अजय चन्द्राकर ने छात्रों को दिया सफलता का मंत्र”

कुरुद । संत गुरु घासीदास शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुरुद में शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री एवं स्थानीय विधायक अजय चन्द्राकर ने विद्यार्थियों को नई दिशा देने वाले विचार रखे। उन्होंने कहा कि कॉलेज से पास आउट होने के बाद छात्र सिर्फ सरकारी नौकरी की ओर न भागें, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं और आत्मनिर्भर करियर विकल्पों पर ध्यान केंद्रित करें।

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने छात्रों से कहा, “अगर जीवन में सफल होना है तो अपने लक्ष्य पर फोकस करो। शिक्षा ही समाज में बदलाव लाने का सबसे प्रभावी औजार है।”

उन्होंने छात्रों को भजिया खाने या टाइम पास करने की मानसिकता से बाहर निकलने की सलाह दी और कहा कि कॉलेज परिसर को स्टार्टअप कल्चर और ज्ञान का केंद्र बनाना चाहिए। अजय चन्द्राकर ने केरल और गुजरात जैसे राज्यों का उदाहरण देते हुए बताया कि किस तरह इन राज्यों ने शिक्षा के बल पर अपनी इकोनॉमी को मजबूत किया है।

“कुरुद कॉलेज में 19 विषय पढ़ाए जाते हैं। हम चाहें तो यहां से भी कुशल मानव संसाधन तैयार कर सकते हैं, जो देश और विदेश में रोजगार पा सकें। इसके लिए छात्रों को अपने माइंडसेट में बदलाव लाना होगा,” उन्होंने कहा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रोजगार का मतलब सिर्फ सरकारी नौकरी नहीं होता। किसी भी फील्ड में कामयाबी पाने के लिए जरूरी है कि छात्र उस क्षेत्र की गहराई से जानकारी रखें और सीखने की इच्छा बनाकर रखें।

Bharti Sahu
Author: Bharti Sahu

यह भी देखें...