मुंबई : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और अब एक बार फिर निर्देशक की भूमिका में लौटे अनुपम खेर की फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर दस्तक देने के लिए तैयार है। अनुपम खेर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो साझा कर बताया कि फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर प्रतिष्ठित कांस फिल्म फेस्टिवल में होने जा रहा है।
वीडियो में अनुपम खेर फ्रांस के खूबसूरत शहर नीस में दिखाई दे रहे हैं, जहां से वे कांस के लिए रवाना हो रहे हैं। खुले आसमान, झील और शांत प्राकृतिक नजारों के बीच अनुपम ने फिल्म के थीम म्यूजिक के साथ यह वीडियो पोस्ट किया है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “‘तन्वी द ग्रेट’ के वर्ल्ड प्रीमियर के लिए फ्रांस के खूबसूरत शहर नीस में लैंड किया। अब हम कांस के लिए रवाना होंगे।”
इस फिल्म की खास बात यह है कि अनुपम खेर 23 साल बाद निर्देशन में वापसी कर रहे हैं। ‘तन्वी द ग्रेट’ को कांस के “मार्चे डु फिल्म” सेक्शन में प्रदर्शित किया जाएगा, जहां फिल्म का स्पेशल प्रीमियर रखा गया है। इसमें अनुपम खेर खुद फिल्म का परिचय देंगे और इंटरनेशनल दर्शकों के सामने अपनी रचना को पेश करेंगे।
फिल्म की कास्ट भी बेहद दमदार है – बोमन ईरानी, जैकी श्रॉफ, अरविंद स्वामी, नसीर, करण टैकर और पल्लवी जोशी जैसे कलाकार फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म में संगीत दिया है ऑस्कर विजेता एम.एम. कीरावनी ने, जिन्होंने पहले ‘आरआरआर’ जैसी फिल्मों में भी अपना जलवा दिखाया है।
‘तन्वी द ग्रेट’ को अनुपम खेर स्टूडियोज और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (NFDC) ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। फिल्म की रिलीज डेट अभी सामने नहीं आई है, लेकिन इसके कांस प्रीमियर के बाद इसे लंदन, न्यूयॉर्क और लॉस एंजेलिस में भी स्क्रीन किया जाएगा।
अनुपम खेर लगातार सोशल मीडिया के ज़रिए फिल्म से जुड़ी अपडेट्स शेयर कर रहे हैं, जिसमें वो दर्शकों को फिल्म के मुख्य किरदारों से भी धीरे-धीरे रूबरू करवा रहे हैं।
