छत्तीसगढ़ की चिलचिलाती गर्मी में राहत: दोपहर 12 से 5 बजे तक बिलासपुर में बंद रहेंगे ट्रैफिक सिग्नल

रायपुर : छत्तीसगढ़ में इन दिनों गर्मी ने अपने चरम पर पहुंच कर लोगों की दिनचर्या को बुरी तरह प्रभावित किया है। लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने एक संवेदनशील और राहत देने वाला कदम उठाया है। अब शहर के ट्रैफिक सिग्नल दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक बंद रहेंगे, जिससे आमजन को तपती सड़कों पर लंबा इंतज़ार करने से राहत मिलेगी।

इस फैसले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशानुसार दी गई। उनका कहना है कि यह निर्णय विशेष रूप से उन राहगीरों और वाहन चालकों के लिए लिया गया है, जो दोपहर की भीषण गर्मी में ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने को मजबूर होते हैं। सिग्नल बंद रहने से उन्हें लगातार धूप में खड़े रहने से कुछ हद तक राहत मिलेगी।

यातायात पुलिस रखेगी व्यवस्था संभाल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे ने बताया कि सिग्नल बंद रहने के बावजूद ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है। यदि कहीं पर भीड़भाड़ या अव्यवस्था की स्थिति बनती है, तो जरूरत पड़ने पर सिग्नल फिर से शुरू कर दिया जाएगा।

जवानों के लिए छायादार इंतज़ाम ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात जवानों की सुरक्षा को भी ध्यान में रखते हुए चौक-चौराहों पर छायादार छतरियों की व्यवस्था की गई है। इससे उन्हें गर्मी से राहत मिलेगी और वे बिना स्वास्थ्य पर असर डाले अपने कर्तव्यों का पालन कर सकेंगे।

पुलिस की अपील: नियमों का करें पालन बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सिग्नल बंद रहने की स्थिति में भी ट्रैफिक नियमों का पालन करें, गति धीमी रखें और सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं।

यह पहल न सिर्फ शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाएगी, बल्कि नागरिकों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत पहुंचाने में भी कारगर साबित होगी।

Bharti Sahu
Author: Bharti Sahu

यह भी देखें...