शीतला शक्ति पीठ सिहावा में चैत्र नवरात्रि की धूम, श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब

धमतरी । चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ रविवार से धूमधाम से हो गया। इस पावन अवसर पर शीतला शक्ति पीठ सिहावा में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। माता शीतला के दरबार में आस्था के दीप जलाने के लिए भक्तों की भारी भीड़ लगी रही।

नवरात्रि के पहले दिन मंदिर में विधि-विधान से घट स्थापना की गई। इसके उपरांत ज्योति धारियों ने दोपहर 1:30 बजे शुभ मुहूर्त में मां शीतला के दर्शन कर संकल्प लिया और मनोकामना ज्योति प्रज्वलित की। इस वर्ष शारदीय नवरात्रि में कुल 1039 ज्योतियां जगमगा रही हैं, जिनमें घी की 106 एवं तेल की 942 ज्योतियां शामिल हैं।

मां शीतला के दरबार में श्रद्धा का उजियारा

घट स्थापना के दौरान आचार्य चंद्रहास दुबे ने ज्योति धारियों को संकल्प दिलाया और कहा कि “नवरात्रि में आदिशक्ति की उपासना से जीवन कल्याणकारी हो जाता है।” वहीं, शीतला शक्ति पीठ के अध्यक्ष कैलाश पवार ने बताया कि माता शीतला के प्रति श्रद्धालुओं की अगाध आस्था है, जिससे मंदिर में भक्तों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए यहां आकर माता का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया है। चैत्र नवरात्रि को उल्लासपूर्वक मनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

भोजन प्रसादी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन

तृतीय दिवस से अष्टमी तक प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी वितरण किया जाएगा। साथ ही भक्तों के लिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी श्रृंखला आयोजित की गई है—

  • 1 अप्रैल – भव्य जागरण

  • 2 अप्रैल – संगीतमय मानस संगोष्ठी

  • 3 एवं 4 अप्रैल – हरि संकीर्तन

समिति सदस्यों की अहम भूमिका

नवरात्रि के सफल आयोजन में समिति के प्रमुख संचालक कलम सिंह पवार, महासचिव नेम सिंह बिशेन, सह सचिव नरेंद्र नाग, नारद निषाद, बुधेस्वर साहू, कोषाध्यक्ष गेंद लाल यादव सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा। सभी सदस्य पूरी तत्परता के साथ कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को संभाल रहे हैं।

मंदिर में भक्ति एवं श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है, और भक्तजन माता शीतला के जयकारों के साथ इस पावन पर्व को श्रद्धा और उल्लास के साथ मना रहे हैं।

Arpa News 36
Author: Arpa News 36

यह भी देखें...