धमतरी। समय सीमा की साप्ताहिक बैठक में आज कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने सभी राजस्व अधिकारियों को राजस्व प्रकरणों का तेजी से निराकरण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी राजस्व न्यायालयों में अधिकारी स्वयं प्रकरणों को पढ़ें और नियमानुसार निराकरण करें। कलेक्टर ने अधिनस्थ कार्यालयों में निरीक्षण के दौरान राजस्व प्रकरणों में अनावश्यक रूप से पेशी बढ़ाने की प्रवृत्ति पर नाराजगी जताई। उन्होंने पाया कि कई कार्यालयों में रीडर ही पेशी की नई तारीखें निर्धारित कर रहे हैं, जिसे तुरंत रोके जाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने विशेष रूप से कुकरेल तहसील में समय सीमा से अधिक लंबित राजस्व प्रकरणों पर गहरी नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि नामांतरण, अविवादित बंटवारा, विवादित राजस्व प्रकरण, अभिलेख दुरूस्ती, त्रुटि सुधार, भू-अर्जन, सीमांकन एवं डायवर्सन प्रकरणों को नियमानुसार निर्धारित समय सीमा में निराकृत किया जाए। उन्होंने सभी प्रकरणों को ई-कोर्ट में दर्ज करने पर जोर दिया और रिकॉर्ड दुरूस्तीकरण एवं त्रुटि सुधार प्रकरणों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत की सीईओ श्रीमती रोमा श्रीवास्तव, एडीएम श्रीमती रीता यादव, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी सहित सभी अनुभागों के एसडीएम, तहसीलदार एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।







