नई दिल्ली । खाना बनाते समय तड़के में इस्तेमाल होने वाला करी पत्ता सिर्फ स्वाद और खुशबू तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद है। इसे आमतौर पर मीठा नीम भी कहा जाता है और इसका वैज्ञानिक नाम है मुराया कोएनिजी। आयुर्वेद में करी पत्ता को औषधीय गुणों से भरपूर माना गया है, जो कई बीमारियों में लाभकारी हो सकता है।
करी पत्ता पाचन सुधारने, वजन घटाने और डायबिटीज कंट्रोल करने में मदद करता है। इसमें आयरन, कैल्शियम, फास्फोरस, विटामिन-B2, B6 और B12 जैसे कई जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं जो शरीर की संपूर्ण सेहत को बनाए रखने में सहायक हैं।
दिल की बीमारी से बचाव:
आयुर्वेद के अनुसार करी पत्ते का नियमित सेवन कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड के स्तर को कम करता है, जिससे दिल की बीमारियों का खतरा घटता है। यह ब्रेस्ट और फेफड़ों के कैंसर से भी बचाव में मदद कर सकता है।
ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर में फायदेमंद:
करी पत्ता में मौजूद एंटी-हाइपरग्लाइसेमिक गुण ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में सहायक होते हैं। यह रक्तचाप और पाचन से जुड़ी समस्याओं में भी राहत देता है।
आंखों के लिए लाभकारी:
डेली डाइट में करी पत्ता शामिल करने से आंखों की रोशनी मजबूत हो सकती है। इसमें मौजूद फाइबर पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है।
दक्षिण भारत में यह पौधा लगभग हर घर में पाया जाता है और वहां की लगभग हर डिश में इसका उपयोग होता है। अब, इसके फायदों को जानने के बाद यह सिर्फ रसोई तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आपकी सेहत की देखभाल में भी अहम भूमिका निभाएगा।
