38 साल बाद श्रीनगर में फिल्म प्रीमियर, इमरान हाशमी की ‘ग्राउंड जीरो’ की स्पेशल स्क्रीनिंग ने रचा इतिहास

मुंबई | इमरान हाशमी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘ग्राउंड जीरो’ ने इतिहास रच दिया है। 38 साल बाद श्रीनगर में किसी फिल्म की पहली रेड कार्पेट स्क्रीनिंग आयोजित की गई, और वो भी देश के रक्षक बीएसएफ जवानों के सम्मान में। इस खास मौके पर खुद इमरान हाशमी भी मौजूद रहे और उन्होंने अपनी खुशी को इंस्टाग्राम पर फैंस के साथ साझा किया।

इमरान ने अपने पोस्ट में लिखा, “ग्राउंड जीरो टचडाउन.. ऐतिहासिक दिन! श्रीनगर में 38 साल बाद पहली रेड कार्पेट मूवी स्क्रीनिंग, जो बीएसएफ के जवानों और उनके अधिकारियों के सम्मान में रखी गई।” इस कदम को फिल्म इंडस्ट्री और सुरक्षा बलों के बीच एक नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

फिल्म ‘ग्राउंड जीरो’ की कहानी साल 2001 में भारतीय संसद पर हुए आतंकी हमले और उसके बाद शुरू हुई जांच पर आधारित है। इसमें इमरान हाशमी बीएसएफ डिप्टी कमांडेंट नरेंद्र नाथ दुबे की भूमिका निभा रहे हैं, जो दो साल तक मास्टरमाइंड गाजी बाबा को पकड़ने की जद्दोजहद में जुटे रहते हैं।

गाजी बाबा को आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और हरकत-उल-अंसार से जुड़ा टॉप कमांडर माना जाता है, जो संसद हमले का मुख्य साजिशकर्ता था। फिल्म की कहानी एक सस्पेंस थ्रिलर की तरह बुनी गई है, जिसमें देशभक्ति और सच्ची घटनाओं का गहरा प्रभाव देखने को मिलेगा।

फिल्म का निर्देशन तेजस देवस्कर ने किया है, जबकि निर्माण रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर के बैनर के तहत हुआ है। ‘ग्राउंड जीरो’ में को-प्रोड्यूसर के रूप में विशाल रामचंदानी, सुंदीप सी. सिधवानी, अरहान बगाती, कासिम जगमगिया, निशिकांत रॉय और अभिषेक कुमार भी जुड़े हैं।

फिल्म का ट्रेलर पहले ही सोशल मीडिया पर धूम मचा चुका है, और अब इस ऐतिहासिक स्क्रीनिंग के बाद दर्शकों में उत्साह और भी बढ़ गया है। ‘ग्राउंड जीरो’ 25 अप्रैल 2025 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Bharti Sahu
Author: Bharti Sahu

यह भी देखें...