नई दिल्ली : आज, रविवार 27 अप्रैल 2025 को आईपीएल प्रेमियों के लिए जबरदस्त रोमांच लेकर आया है। मैदान पर दो बड़े मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें टीमें न सिर्फ जीत के लिए, बल्कि अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाने के लिए भिड़ेंगी।
पहला मुकाबला: मुंबई इंडियंस बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स
समय: दोपहर 3:30 बजे (IST)
स्थान: वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई
मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर रहे हार्दिक पांड्या आज ऋषभ पंत की अगुआई वाली लखनऊ सुपर जायंट्स से भिड़ेंगे। दिलचस्प बात ये है कि अब तक दोनों टीमों के बीच खेले गए 7 मुकाबलों में LSG ने 6 बार जीत दर्ज की है, जबकि मुंबई केवल 1 बार ही बाज़ी मार सका है। ऐसे में मुंबई इंडियंस पर आज जीतने का जबरदस्त दबाव रहेगा। हार्दिक पांड्या की टीम के पास आज इतिहास बदलने का सुनहरा मौका है।
दूसरा मुकाबला: दिल्ली कैपिटल्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
समय: शाम 7:30 बजे (IST)
स्थान: अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली
शाम को एक और धमाकेदार भिड़ंत देखने को मिलेगी जब दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने होंगे। इस मैच की खासियत यह है कि विजेता टीम सीधे अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर सकती है, गुजरात टाइटंस को पीछे छोड़ते हुए। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि प्लेऑफ में मजबूत स्थिति बनाने का बड़ा मौका है।
