धमतरी में कमार जनजाति के बच्चों को बड़ी सौगात! बन रहा ₹1.38 करोड़ का छात्रावास – जानें कब तक होगा तैयार

धमतरी । धमतरी जिले के नगरी विकासखंड के शासकीय हाईस्कूल बाजार कुर्रीडीह में कमार जनजाति के बच्चों के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत 1.38 करोड़ रुपये की लागत से छात्रावास निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस छात्रावास में 50 बच्चों को निःशुल्क आवास और पढ़ाई की सुविधा मिलेगी।

कलेक्टर अविनाश मिश्रा के निर्देश पर शुक्रवार को सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विमल साहू, हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन अभियंता रविन्द्र छाबड़ा, और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के ईई एम.ए. नेरेटी ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य फाउंडेशन तक पहुंच चुका है और ठेकेदार को मजदूरों की संख्या बढ़ाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। चेतावनी दी गई है कि यह कार्य दिसंबर 2025 तक हर हाल में पूरा होना चाहिए।

पीएम जनमन योजना के तहत देशभर में विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए विकास कार्य हो रहे हैं। धमतरी जिले के नगरी और मगरलोड क्षेत्रों में कमार जनजाति के लिए सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और पोषण जैसी योजनाएं लागू की जा रही हैं। सोलर पैनल के माध्यम से बिजली, जल जीवन मिशन के तहत शुद्ध जल, और सरकारी दस्तावेज जैसे आधार, जाति व निवास प्रमाण पत्र भी बनाए जा रहे हैं। इसके साथ वनाधिकार मान्यता पत्र भी वितरित किए जा रहे हैं ताकि कमार परिवारों को हर सरकारी लाभ का सीधा फायदा मिल सके।

Bharti Sahu
Author: Bharti Sahu

यह भी देखें...