रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 11 अप्रैल को नवा रायपुर में एक साथ कई बड़े प्रोजेक्ट्स की शुरुआत करेंगे, जिससे राज्य के औद्योगिक और तकनीकी विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
मुख्यमंत्री देश की पहली सेमीकंडक्टर चिप निर्माता कंपनी पॉलीमैटेक इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड के मेगाप्लांट की आधारशिला रखेंगे। इस प्रोजेक्ट पर लगभग 1143 करोड़ रुपये का निवेश होगा और यह प्लांट 1.5 लाख वर्गफीट में फैला होगा। अनुमान है कि 2030 तक यहां 10 अरब चिप्स तैयार की जाएंगी, जिनका इस्तेमाल टेलीकॉम, 6जी/7जी तकनीक, लैपटॉप और पावर इलेक्ट्रॉनिक्स में होगा। इससे 130 से अधिक युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री साय झरिया अल्कलाइन वाटर बॉटलिंग प्लांट का भी शुभारंभ करेंगे, जिससे स्थानीय लोगों को सुरक्षित पेयजल मिल सकेगा।
नवा रायपुर को आईटी हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नवा रायपुर में बने कॉमर्शियल टावर में पूरी तरह फर्निश्ड ऑफिस स्पेस का आईटी कंपनियों को आबंटन भी करेंगे। इस पहल से नवा रायपुर को भारत का अगला आईटी हब बनाने की दिशा में ठोस शुरुआत होगी। यहां स्थापित होने वाली आईटी कंपनियों से करीब 750 लोगों को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री इस मौके पर नवचयनित युवाओं को जॉइनिंग लेटर भी प्रदान करेंगे।
महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भर बनने का मौका
कार्यक्रम की एक और खास बात होगी ई-ऑटो पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवा की शुरुआत, जो पूरी तरह महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित होगी। यह सेवा नवा रायपुर के 130 किलोमीटर के दायरे में फैले रिहायशी क्षेत्रों, ऑफिस, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और जंगल सफारी को आपस में जोड़ेगी। इससे 40 महिलाओं को सीधा रोजगार मिलेगा और उनकी आय में बढ़ोतरी होगी।
इस भव्य कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन और आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओपी चौधरी भी सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। यह आयोजन वाणिज्य एवं उद्योग विभाग तथा आवास एवं पर्यावरण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।







