नींबू पानी पीने से मिलती है ठंडक, लेकिन ज़्यादा सेवन से हो सकते हैं ये नुकसान

नई दिल्ली : गर्मी का मौसम आते ही ठंडी-ठंडी चीज़ों की तलब लगने लगती है। ऐसे में नींबू पानी लोगों का फेवरेट ड्रिंक बन जाता है। यह न सिर्फ प्यास बुझाता है बल्कि शरीर को इंस्टेंट एनर्जी भी देता है। नींबू में विटामिन C भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो इम्युनिटी बढ़ाने के साथ-साथ डिहाइड्रेशन और लू से भी बचाव करता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि नींबू पानी का ज़्यादा सेवन सेहत के लिए हानिकारक भी हो सकता है?

विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी चीज़ की अति नुकसानदायक हो सकती है और नींबू पानी भी इससे अछूता नहीं है। आइए जानते हैं इसके ज़्यादा सेवन से होने वाले नुकसान:

1. हार्टबर्न यानी सीने में जलन

नींबू में नैचुरल एसिड होता है। इसका अत्यधिक सेवन पेट की एसिडिटी को बढ़ा सकता है जिससे सीने में जलन, खट्टी डकारें और पेट में जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

2. पोटैशियम की कमी

नींबू पानी का ज़्यादा सेवन शरीर में पोटैशियम के स्तर को कम कर सकता है। इससे थकान, कमजोरी, और माइग्रेन जैसी परेशानियां हो सकती हैं।

3. किडनी स्टोन का खतरा

हालांकि नींबू साइट्रिक एसिड से भरपूर होता है जो किडनी स्टोन से बचाता है, लेकिन अगर नींबू पानी का सेवन अत्यधिक किया जाए, तो यह उल्टा असर कर सकता है और किडनी में कैल्शियम ऑक्सेलेट स्टोन बनने का खतरा बढ़ सकता है।

4. हड्डियों पर असर

नींबू पानी का ज़्यादा सेवन शरीर में कैल्शियम के अवशोषण में रुकावट डाल सकता है, जिससे हड्डियां कमजोर हो सकती हैं।

तो क्या करें?
अगर आप नींबू पानी के फायदे लेना चाहते हैं तो इसका सेवन सीमित मात्रा में करें। दिन में एक या दो गिलास नींबू पानी पर्याप्त होता है। साथ ही, इसे बहुत ज़्यादा खट्टा न बनाएं और बिना ज़रूरत बार-बार न पीएं। गर्मी में नींबू पानी ज़रूर पिएं लेकिन संतुलन बनाए रखें। हर चीज़ का फायदा तभी है जब उसे सही मात्रा में लिया जाए।

Bharti Sahu
Author: Bharti Sahu