कुरूद । छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी आदेश के तहत श्री निरंजन सिन्हा को जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, रायपुर के अध्यक्ष पद पर प्राधिकृत किए जाने को सहकारिता और राजनीतिक हलकों में एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है। यह नियुक्ति उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव, अनुशासन और पार्टी के प्रति निष्ठा का परिणाम मानी जा रही है।
निरंजन सिन्हा इससे पूर्व नगर पंचायत कुरूद के अध्यक्ष रह चुके हैं, जहां उनके कार्यकाल को सक्रिय और प्रभावी माना जाता है। भारतीय जनता पार्टी के संगठन में उनकी मजबूत पकड़ रही है और प्रदेश व केंद्रीय संगठन में भी उनकी अच्छी पैठ मानी जाती है।
विधानसभा चुनाव के दौरान वे बस्तर के सह-प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल चुके हैं, जहां पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा भी पार्टी संगठन की कई अहम जिम्मेदारियों में उनकी भूमिका लगातार प्रभावशाली रही है।
पार्टी के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर सेवा ही उनकी पहचान रही है। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और कार्यशैली का ही परिणाम है कि आज उन्हें सहकारिता क्षेत्र में इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। निरंजन सिन्हा को एक कुशल नेतृत्वकर्ता के रूप में जाना जाता है और उनकी नियुक्ति से सहकारी बैंक को मजबूत दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।







